कागमाला/बिलड (सर्कल न्यूज़ नेटवर्क)। गांव बिलड में करीब डेढ़ महीने पहले हुए सनसनीखेज फाऊ देवी पुरोहित हत्याकांड ने पूरे इलाके की नींद उड़ा रखी है, लेकिन खाकी की ढिलाई से हर किसी के सब्र का बांध अब पूरी तरह टूट चुका है। बीती 9 अगस्त को बेखौफ बदमाशों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देकर ना सिर्फ फाऊ देवी की बेरहमी से हत्या की, बल्कि उनके कानों से सोने के गहने लूटकर हवा में ओझल हो गए।
घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी जब पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सुराग नहीं लगा, तो गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने महापंचायत बुलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इतने लंबे समय बाद भी कातिलों का न पकड़ा जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
गांव में बढ़ते भारी जनाक्रोश की भनक लगते ही डीवाईएसपी सुखाराम और सीआई डिंपल कंवर तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों तथा ग्रामीणों से सीधी बातचीत की और मामले में हरसंभव प्रयास करते हुए जल्द से जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया।
हालांकि, ग्रामीणों ने साफ लफ्जों में चेतावनी दे दी है कि अगर जल्द कातिलों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे नहीं धकेला गया, तो कल ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के चौखट पर हुंकार भरी जाएगी और ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासक महेंद्र सिंह, जेठाराम पुरोहित, प्रताप सिंह कागमाला, वगताराम पुरोहित, मानाराम चौधरी, जबराराम पुरोहित, भंवर पुरोहित, किरण पुरोहित और श्रवण सिंह चांडपुरा समेत छत्तीसों कौम के लोग एकजुट नजर आए। सभी की बस एक ही पुरजोर मांग है कि हत्याकांड की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को पूरा न्याय दिलाया जाए।











पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां