मालवाड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में, विजयादशमी उत्सव/शस्त्र पूजन समारोह 8 अक्टूबर 2025 को मालवाड़ा में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंडल के सभी गाँवों की शाखाओं से स्वयंसेवकों ने गणवेश में उपस्थित होकर अपनी संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया।
उत्सव का प्रारंभ शस्त्र पूजन एवं पुष्पांजलि से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़गांव के लहर भारती जी महाराज, मठाधीश ने की, जबकि जोधपुर प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख पंकज कुमार मुख्य वक्ता रहे।
अपने उद्बोधन में लहर भारती महाराज ने समस्त हिंदू समाज को संगठित रहने और संघ से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता पंकज कुमार ने बल देकर कहा कि संघ के 100 वर्ष केवल संगठन की यात्रा नहीं, बल्कि समाज जीवन में संस्कार, एकता और शक्ति जागरण का शताब्दी पर्व है। उन्होंने शताब्दी वर्ष के संकल्पों का आधार पाँच प्रमुख परिवर्तनों—सामाजिक समरसता, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण, परिवार प्रबोधन और राष्ट्र जागरण—को बताया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज संरक्षण और संगठन ही राष्ट्र की अखंडता, आत्मनिर्भरता और परमवैभव का मूल आधार है। इस अवसर पर रानीवाड़ा के खंड संघ चालक रमेश, जिला कार्यवाह प्रकाश, जिला प्रचार प्रमुख डॉ. ओमप्रकाश डारा, भीनमाल जिला बौद्धिक प्रमुख टीकम और सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश खंडेलवाल, मालवाड़ा सरपंच प्रदीप सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समाज जन उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागी हुए।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां