लगातार 11 मैच जीतकर मेडा स्कूल ने जीता खिताब, राज्य स्तर पर जालौर की कप्तानी करेंगे सुनील पुरोहित
गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-धमाकों और पुष्पवर्षा से किया विजेता टीम का ऐतिहासिक स्वागत
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
रानीवाड़ा/जालौर। 70वीं जिला स्तरीय 17 वर्षीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता (रामा, आहोर) में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेडा (रानीवाड़ा) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 11 मैच जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया और खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल की बदौलत विद्यालय के तीन खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है, जिसमें टीम के स्टार खिलाड़ी सुनील पुरोहित को राज्य स्तरीय जालौर टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
विजेता टीम के गांव मेडा पहुंचने पर ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार ने ढोल-धमाकों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान गांव में विजय रैली निकाली गई, जहां ग्रामीणों ने खिलाड़ियों पर जमकर फूलों की बारिश की।
प्रधानाचार्य तेजाराम देवासी ने बताया कि शारीरिक शिक्षक एवं टीम प्रभारी मानसिंह के कुशल मार्गदर्शन में टीम ने आहोर में अनुकरणीय खेल का प्रदर्शन किया और ट्रॉफी जीतकर विद्यालय व पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया।
टीम प्रभारी मानसिंह ने जानकारी दी कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सुनील पुरोहित, राकेश कुमार मेघवाल और पीयूष पुरोहित का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह तीनों खिलाड़ी मेड़ता सिटी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जालौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।












पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां