भाजपा विधानसभा स्तरीय बैठक में बनी रणनीति; 9 से 14 अगस्त तक बूथ स्तर पर आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
सर्कल न्यूज नेटवर्क रानीवाड़ा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समूचे रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के सूत्र में पिरोने की वृहद कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। स्थानीय भाजपा कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनांदोलन का रूप देने का संकल्प दोहराया गया। आगामी 9 अगस्त से 14 अगस्त के मध्य चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत क्षेत्र के प्रत्येक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ विशाल पदयात्राओं, वाहन रैलियों और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित व जिला प्रभारी महेंद्र मेघवाल के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि जिला संयोजक मुकेश कुमार खंडेलवाल तथा अध्यक्षता विधानसभा सह संयोजक रमेश मेघवाल धनपुरा ने की।
विभाजन की विभीषिका पर जन-जागरूकता का आह्वान बैठक को संबोधित करते हुए जिला संयोजक मुकेश कुमार खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को बूथवार टोलियां बनाकर अभियान को घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश का विभाजन तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व की राजनीतिक जल्दबाजी और स्वार्थ का परिणाम था, जिसके कारण दस लाख से अधिक निर्दोष देशभक्तों को अपनी आहुति देनी पड़ी। इस ऐतिहासिक सत्य से आमजन को अवगत कराना अत्यंत आवश्यक है।
बूथ स्तर पर बांटी गईं जिम्मेदारियां विधानसभा सह संयोजक रमेश मेघवाल धनपुरा ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों एवं प्रभारियों को दायित्व सौंपे। योजनानुसार 15 अगस्त को क्षेत्र की ढाणियों, गलियों और मोहल्लों में पूरी भव्यता के साथ ध्वजारोहण सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में रानीवाड़ा मंडल अध्यक्ष रमेश आंजना, जसवंतपुरा मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह राजपुरा, बड़गांव मंडल अध्यक्ष बलवंत राजपुरोहित, साकड़ मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह कालमा, मंडल महामंत्री समरथाराम चौधरी, नरपत कोली, गोविंद रावल, तगाराम जीनगर, भंवरदान चारण, भाखराराम विश्नोई सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां