एसपी शैलेंद्र सिंह इंदोलिया के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, NDPS एक्ट 68F के तहत नई दिल्ली की कंपीटेंट अथॉरिटी से आदेश जारी करवाकर पुनासा में मकान व जमीन की सीज
सर्कल न्यूज नेटवर्क भीनमाल/जालोर। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अकूत संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों के खिलाफ जालोर पुलिस ने अपना शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदोलिया के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीनमाल थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शातिर तस्कर की करीब 47.50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज (जब्त) कर दी है।

326.97 ग्राम एमडीएमए के साथ हुआ था गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, भीनमाल थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 37/2026 में आरोपी किशोर कुमार उर्फ महेंद्र कुमार पुत्र भागीरथराम विश्नोई (निवासी चारणियों की ढाणी, पुनासा) को 326.97 ग्राम एमडीएमए (MDMA) के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी के जरिए अवैध रूप से भारी संपत्ति अर्जित की है।
नई दिल्ली से आदेश जारी करवाकर चस्पा किया नोटिस पुलिस ने आरोपी द्वारा तस्करी की काली कमाई से खड़ी की गई संपत्ति को चिन्हित कर इस्तगासा तैयार किया और उसे नई दिल्ली स्थित Competent Authority and Administrator SAFEM(FOP)A & NDPS Act के समक्ष पेश किया। प्राधिकरण द्वारा आदेश जारी होने के बाद, पुलिस दल ने पुनासा पहुंचकर खसरा नंबर 518, 519 और 520 में आरोपी के 2/5 हिस्से की 4.89 हेक्टेयर भूमि में बने आवासीय मकान और जमीन को विधिवत रूप से फ्रीज कर दिया। मौके पर संपत्ति जब्तीकरण का आधिकारिक बोर्ड भी लगाया गया है।
आरोपी पर दर्ज हैं चार आपराधिक मामले पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी किशोर कुमार उर्फ महेंद्र कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है।
तस्करों में हड़कंप, आगे भी जारी रहेगी जब्ती की मुहिम एसपी कार्यालय के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों को चिन्हित करने का काम लगातार जारी है। तस्करी से अर्जित आय से बनाई गई संपत्तियों की सूची तैयार की जा रही है और आने वाले दिनों में अन्य बड़े तस्करों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत इसी तरह की सख्त जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां