सर्कल न्यूज नेटवर्क
रानीवाड़ा। रानीवाड़ा माहेश्वरी समाज के तहसील अध्यक्ष मदन माहेश्वरी की पूज्य माताजी स्वर्गीय गवरीदेवी माहेश्वरी (धर्मपत्नी स्वर्गीय टीकमदासजी लधड़) का प्रथम श्राद्ध आज बुधवार, चतुर्थी के पावन अवसर पर अत्यंत श्रद्धा व गरिमा के साथ आयोजित किया जा रहा है।
प्रथम श्राद्ध व श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन रानीवाड़ा स्थित माहेश्वरी समाज भवन में रखा गया है। इस अवसर पर परिवारजन, रिश्तेदार, शुभचिंतक एवं सर्व समाज के लोग उपस्थित होकर स्वर्गीय गवरीदेवी माहेश्वरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि देंगे।
गत वर्ष गणेश चतुर्थी पर हुआ था देवलोकगमन
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय गवरीदेवी माहेश्वरी का निधन गत वर्ष गणेश चतुर्थी के दिन बुधवार को हुआ था। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। धार्मिक प्रवृत्ति, अत्यंत सरल स्वभाव और ममता की प्रतिमूर्ति रहीं स्वर्गीय गवरीदेवी ने जीवनभर परिवार को प्रेम, सेवा और एकजुटता की सीख दी। परिजनों का कहना है कि उनके द्वारा दिए गए नैतिक मूल्य और संस्कार ही परिवार की असली पूंजी हैं।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा स्मरण
श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान वैदिक विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार तर्पण व पूजन संपन्न कराया जाएगा। माहेश्वरी समाज तहसील अध्यक्ष मदन माहेश्वरी ने सभी स्वजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों एवं समाजबंधुओं से समाज भवन पहुंचकर स्वर्गीय माताजी के प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया है।
मदन माहेश्वरी ने भावुक होते हुए कहा कि मां का वात्सल्य और मार्गदर्शन कभी भुलाया नहीं जा सकता। परिवार आज उनके बताए सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराएगा।












पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां