सिंगावास से पंचायत मुख्यालय सेवाड़िया बदलने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश, आगामी चुनावों के बहिष्कार का किया ऐलान
रानीवाड़ा (जालोर):
रानीवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के सिंगावास गांव में ग्राम पंचायत मुख्यालय को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। परिसीमन के दौरान पहले सिंगावास को ग्राम पंचायत मुख्यालय घोषित किया गया था, लेकिन बाद में इसे प्रशासनिक या राजनीतिक कारणों से बदलकर सेवाड़िया कर दिया गया। सिंगावास को सेवाड़िया पंचायत के अधीन किए जाने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने एकजुट होकर आगामी चुनावों के पूर्ण बहिष्कार का बड़ा फैसला लिया है।
बैठक कर ग्रामीणों ने लिया एकतरफा निर्णय
गांव में आयोजित सर्वसमाज व ग्रामीणों की बैठक में यह तय किया गया कि जब तक सिंगावास को पुनः ग्राम पंचायत मुख्यालय नहीं बनाया जाता, तब तक ग्रामीण किसी भी स्तर के चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि चाहे पंचायती राज चुनाव हों, विधानसभा चुनाव हों या लोकसभा चुनाव, वे अपने मताधिकार का प्रयोग बिल्कुल नहीं करेंगे। उनका स्पष्ट कहना है कि चाहे इस मांग को पूरा होने में एक साल लगे या पचास साल, मुख्यालय वापस सिंगावास बनने तक यह बहिष्कार जारी रहेगा।

प्रशासनिक अनदेखी से बढ़ा आक्रोश
ग्रामीणों ने बताया कि सिंगावास क्षेत्रफल और जनसंख्या दोनों ही दृष्टि से बड़ा गांव है और सभी मानकों को पूरा करता है। मुख्यालय बदले जाने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पर एसडीएम (SDM) और जिला कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज करवाई थी। बावजूद इसके, प्रशासन द्वारा इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सुनवाई न होने से आहत ग्रामीणों ने अब 'वोट नहीं देने' और चुनावी प्रक्रिया में कोई प्रत्याशी न उतारने का संकल्प लिया है।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां