रानीवाड़ा। स्थानीय विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायणसिंह देवल को आज 11 सूत्री मांगों को लेकर 29 अगस्त से हड़ताल पर चल रहे राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ के पशु चिकित्सा सहायक एवं पशुधन सहायकों ने सरकार से अप्रेल, 2022 में हुए समझौते की पालना कराने संबंधी ज्ञापन सौंपा।
देवल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया से दूरभाष पर सम्पर्क कर आग्रह किया है कि प्रदेश के गौवंश में फैली लम्पी स्किन बीमारी की भयावहता को देखते हुए कर्मचारियों की जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही करावे ताकि इस महामारी के दौर में इनकी हड़ताल समाप्त की जा सके। और कर्मचारी पूरे मनोयोग से गौवंश के इलाज के लिए अपनी सेवाएं दे सके। इस संबंध मे पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया ने विधायक देवल को शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया है।